- सूर्यकुमार यादव का नाबाद अर्धशतक मुंबई (ईएमएस)। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए रोमांचक टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में टीम इंडिया ने संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) को 29 रनों से शिकस्त दी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 161 रन बनाए, जिसके जवाब में यूएसए की टीम 8 विकेट खोकर 132 रन ही बना सकी। टॉस जीतकर यूएसए ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया और शुरुआत से ही भारतीय टीम पर दबाव बना दिया।पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हुए।ईशान किशन (20) और तिलक वर्मा (25) ने रन जरूर जोड़े, लेकिन पावरप्ले के आखिरी ओवर में शैडली वान शल्कविक ने बड़ा झटका दिया।उन्होंने एक ही ओवर में ईशान किशन, तिलक वर्मा और शिवम दुबे (0) को आउट कर भारत को 46/4 पर ला खड़ा किया।रिंकू सिंह (6) और हार्दिक पंड्या (5) भी जल्दी आउट हो गए और स्कोर 77/6 हो गया। सबसे मुश्किल हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम को संभाला। उन्होंने अक्षर पटेल (14) के साथ 7वें विकेट के लिए 41 रनों की अहम साझेदारी की।सूर्या ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी की और अपनी नाबाद फिफ्टी पूरी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। 162 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए की शुरुआत बेहद खराब रही। सिर्फ 13 रनों पर 3 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।इसके बाद मिलिंद कुमार (34) और संजय कृष्णमूर्ति (37) ने पारी को संभालने की कोशिश की। मिलिंद को ईशान किशन की स्टंपिंग ने रोक दिया। कृष्णमूर्ति और शुभाम सुभाष (नाबाद 35) ने टीम को आगे बढ़ाया, लेकिन 98 पर अक्षर पटेल ने कृष्णमूर्ति को आउट कर दिया। अंतिम ओवरों में शुभाम ने संघर्ष जरूर किया, पर आखिरी गेंद पर मोहम्मद सिराज ने उन्हें एलबीडब्ल्यू कर भारत की जीत दिलाई । भारत की और से मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह ने 2– 2 विकेट लिए एवं वरुण चक्रवर्ती – 1 विकेट लिया। भारत ने यूएसए को 29 रनों से हराकर वर्ल्डकप में जीत से आगाज किया।