अंतर्राष्ट्रीय
08-Feb-2026
...


मॉस्को,(ईएमएस)। रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य से एक विचलित करने वाली खबर सामने आई है, जहाँ शनिवार को उफ़ा स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में हुई चाकूबाजी की घटना में चार भारतीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हमले में कुल आठ लोगों को निशाना बनाया गया। रूस के गृह मंत्रालय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक किशोर संदिग्ध चाकू लेकर छात्रावास परिसर में घुस गया और वहां रह रहे छात्रों पर अंधाधुंध हमला करना शुरू कर दिया। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हमलावर ने न केवल छात्रों को अपना शिकार बनाया, बल्कि गिरफ्तारी का विरोध करते हुए दो पुलिस अधिकारियों को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, सुरक्षाबलों द्वारा घेरे जाने पर संदिग्ध ने खुद को भी शारीरिक नुकसान पहुंचाया और खुद को चाकू मार लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटनास्थल के दृश्यों को अत्यंत डरावना बताया है। रूस में स्थित भारतीय मिशन ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। दूतावास ने बताया कि घायल छात्रों में चार भारतीय शामिल हैं और वह स्थानीय अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए हुए है। कज़ान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी सहायता और समन्वय के लिए तत्काल उफ़ा के लिए रवाना हो गए हैं। रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, घायल चार लोगों का सघन चिकित्सकीय उपचार किया जा रहा है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि तीन अन्य की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। जांच में हमलावर की पहचान 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मॉस्को से लगभग 1200 किलोमीटर दूर उफ़ा में हुई इस हिंसा के पीछे के कारणों की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। कुछ स्थानीय रिपोर्टों में दावा किया गया है कि हमलावर एक प्रतिबंधित कट्टरपंथी नव-नाजी संगठन से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमले के वास्तविक उद्देश्यों का पता लगाने में जुटी हैं और छात्रावास परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वीरेंद्र/ईएमएस/08फरवरी2026