गाजियाबाद,(ईएमएस) की एक आवासीय सोसाइटी की 9वीं मंजिल से कूदकर तीन बच्चियों द्वारा जान देने के मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। शनिवार को पुलिस ने बच्चियों के पिता चेतन से लंबी पूछताछ की, जिसमें उसने अपनी जटिल व्यक्तिगत जिंदगी और एक के बाद एक किए गए कई विवाहों व संबंधों की बात कबूल की है। चेतन के बयानों ने इस पूरे मामले को एक पेचीदा मोड़ दे दिया है, जिससे यह साफ हो रहा है कि घर के भीतर के हालात सामान्य नहीं थे। पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने चेतन से उसकी शादियों और पिछले विवादों के बारे में सवाल किए, तो उसने स्वीकार किया कि उसकी तीन पत्नियां हैं और एक चौथी महिला (लिव-इन पार्टनर) के साथ भी उसके संबंध थे, जिसकी रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई थी। चेतन ने बताया कि उसकी पहली शादी सुजाता से हुई थी, लेकिन संतान न होने के कारण सुजाता की सहमति से ही उसने अपनी सगी साली हिना से दूसरी शादी कर ली। इस प्रकार वह एक ही घर में दो बहनों के साथ रहने लगा। हालांकि, रिश्तों का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। चेतन ने बताया कि कुछ समय बाद उसके संबंध सीलमपुर में रहने वाली तब्बू नाम की महिला से हो गए। वह तब्बू को नौ साल पहले अपने साथ रहने के लिए राजेंद्रनगर स्थित फ्लैट पर ले आया, जिसके बाद घर में गृह क्लेश शुरू हो गया। साल 2018 में तब्बू की तीसरी मंजिल से गिरकर संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इस घटना पर सफाई देते हुए चेतन ने पुलिस को बताया कि उस समय वह घर पर मौजूद नहीं था और जांच में उसे क्लीन चिट मिल गई थी। तब्बू की मौत के बाद चेतन के संबंध उसकी एक रिश्तेदार टीना से बन गए। टीना के गर्भवती होने के बाद चेतन ने उससे कोर्ट मैरिज कर ली। इस तरह वह अपनी तीन पत्नियों के साथ एक ही छत के नीचे रह रहा था। इन तीन शादियों से चेतन के पांच बच्चे थे, जिनमें से तीन बेटियों ने एक साथ इमारत से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। हैरान करने वाली बात यह है कि पूछताछ के दौरान चेतन की वर्तमान पत्नियों ने उस पर किसी भी प्रकार का आरोप नहीं लगाया है। हिना और टीना, दोनों ने ही इन शादियों को आपसी सहमति और परिस्थितियों का परिणाम बताया है। दूसरी ओर, इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब सीलमपुर निवासी दिलीप ने खुद को चेतन का ससुर बताते हुए दावा किया कि 2018 में जिस लड़की की गिरकर मौत हुई थी, वह उनकी 16 वर्षीय बेटी थी और चेतन के साथ उसकी शादी नहीं हुई थी। वह केवल एक जन्मदिन समारोह में वहां गई थी। दिलीप के इस बयान ने चेतन के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस इस पहलू की भी बारीकी से जांच कर रही है और दिलीप को नोटिस देकर बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया है। वीरेंद्र/ईएमएस/08फरवरी2026