व्यापार
08-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में टीवीएस की पकड़ न सिर्फ मजबूत है बल्कि लगातार बढ़ती भी जा रही है। कंपनी के लिए जनवरी 2026 एक ऐतिहासिक महीना साबित हुआ, जिसमें कंपनी ने 5.12 लाख से ज्यादा वाहनों की बिक्री के साथ करीब 29 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की। घरेलू बिक्री के साथ निर्यात कारोबार ने भी इस ग्रोथ में अहम योगदान दिया। जनवरी 2026 में टीवीएस ने दोपहिया सेगमेंट में लगभग 4.94 लाख यूनिट्स की बिक्री की, जो सालाना आधार पर करीब 28 प्रतिशत अधिक है। खास बात यह रही कि घरेलू बाजार में दोपहिया बिक्री 30 प्रतिशत तक बढ़ी, जिससे पता चलता है कि शहरी और ग्रामीण—दोनों क्षेत्रों में टीवीएस की स्वीकार्यता तेजी से बढ़ रही है। कंपनी की मजबूत पकड़ मोटरसाइकिल और स्कूटर दोनों सेगमेंट में देखने को मिली। कम्यूटर बाइक्स से लेकर स्कूटर और प्रीमियम मॉडल्स तक, टीवीएस की रेंज ने ग्राहकों की जरूरतों को पूरा किया और कुल बिक्री को नई ऊंचाई पर पहुंचाया। इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट टीवीएस के लिए इस माह का सबसे बड़ा हाइलाइट रहा। जनवरी 2026 में कंपनी की ईवी बिक्री में 50 प्रतिशत से अधिक का उछाल दर्ज किया गया। यह संकेत है कि भारतीय ग्राहक इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स को लेकर पहले से ज्यादा भरोसा दिखा रहे हैं और टीवीएस का ईवी पोर्टफोलियो इस तेजी से बढ़ते बाजार में मजबूत स्थिति बना रहा है। निर्यात के प्रदर्शन ने भी कंपनी की ग्रोथ को स्थिर आधार दिया। जनवरी में दोपहिया वाहनों की विदेशी मांग जारी रही, जिससे ग्लोबल मार्केट में टीवीएस की ब्रांड वैल्यू और मजबूत हुई। वहीं तीन-पहिया सेगमेंट में कंपनी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चौंकाने वाली वृद्धि दर्ज की। कमर्शियल और ई-रिक्शा बाजार में बढ़ती मांग ने इस कैटेगरी की बिक्री को गति दी। कुल मिलाकर, जनवरी 2026 टीवीएस मोटर कंपनी के लिए रिकॉर्ड-ब्रेकिंग रहा। सुदामा/ईएमएस 08 फरवरी 2026