क्षेत्रीय
08-Feb-2026


शाजापुर (ईएमएस)। मक्सी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर से बिना बताए कहीं चले गए एक 14 वर्षीय नाबालिग बालक को महज 3 दिन के भीतर इंदौर से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के लिए यह चुनौती बड़ी थी क्योंकि बालक के पास न तो मोबाइल था और न ही घर छोड़ने का कोई स्पष्ट कारण सामने आया था। जानकारी के अनुसार ग्राम गड़रोली निवासी फरियादी समद शाह ने मक्सी थाने में सूचना दी थी कि उनका 14 वर्षीय बेटा मन्नान शाह अचानक लापता हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता की धारा 137 (2) के तहत प्रकरण दर्ज किया। एसपी यशपाल सिंह राजपूत, एएसपी घनश्याम मालवीय और एसडीओपी अजय कुमार मिश्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बालक की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। सीसीटीवी ने दी दिशा जांच टीम के सामने सबसे बड़ी समस्या सायबर सेल की मदद न मिल पाना थी, क्योंकि बच्चे के पास मोबाइल नहीं था। ऐसे में पुलिस ने पारंपरिक पुलिसिंग और तकनीक का सहारा लिया। मक्सी कस्बे के शासकीय और निजी सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। फुटेज में बालक मक्सी रेलवे स्टेशन से मालवा एक्सप्रेस में बैठकर उज्जैन-इंदौर की ओर जाता दिखाई दिया। सुराग मिलते ही पुलिस की अलग-अलग टीमें उज्जैन, देवास और इंदौर के लिए रवाना की गईं। रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों के कैमरे चेक करने और फोटो के आधार पर पूछताछ करने पर पता चला कि बालक को इंदौर के सरवटे बस स्टैंड के पास देखा गया है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर बस स्टैंड के पास एक होटल के करीब से मन्नान को सकुशल दस्तयाब कर लिया। बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द किया गया। इस सफल ऑपरेशन में थाना प्रभारी संजय वर्मा के साथ, उप निरीक्षक अरविंद सिंह तोमर, विजय खत्री, सउनि संतोष रघुवंशी, नरेंद्र सिंह बुंदेला, रणकेंद्र सिंह चौहान, अभिषेक दीक्षित, प्र.आर. राजेश जाट, रामेश्वर जाटव, राजेश पटेल, धीरेंद्र पाण्डेय और आरक्षक सुरेश मालवीय, नवीन यादव, जगदीश मीणा व राहुल जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ईएमएस / 08 फरवरी 2026.