क्षेत्रीय
08-Feb-2026


बालाघाट (ईएमएस). प्रदेश भर में स्वामी विवेकानन्द की जयंती 12 जनवरी से संकल्प से समाधान अभियान प्रारंभ किया गया है। चार चरणों के इस अभियान में नागरिकों को 20 विभागों की 106 सेवाओं का लाभ दिया जाना है। इसके लिये पंचायत, नगरीय निकाय एवं जिला स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। कलेक्टर मृणाल मीना के मार्गदर्शन में जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में शिविर लगाकर आमजन से आवेदन प्राप्त किये जा रहे है। जिले में लगाये गए शिविरों में अब तक 47 हजार 516 आवेदन प्राप्त हुए है, इनमें से 42 हजार 378 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। प्रथम चरण में 12 से 15 फरवरी तक शिविर लगाकर 20 विभागों के 106 सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत लांजी विकासखंड में 5468, बालाघाट में 5148, परसवाड़ा में 5000, खैरलांजी में 4734, बिरसा में 4620, किरनापुर में 4595, बैहर में 4468, वारासिवनी में 3729, कटंगी में 3650 एवं लालबर्रा विकासखंड में 2927 आवेदन प्राप्त हुए है। इसी प्रकार जिले के नगरीय क्षेत्रों में लगाये गए शिविरों में मलाजखंड में 589, कटंगी में 588, लांजी में 586, बैहर में 583, वारासिवनी में 423 और बालाघाट में 408 आवेदन प्राप्त हुए है। इस प्रकार जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में लगाये गए शिविरों में कुल 47 हजार 516 आवेदन प्राप्त हुए है। इनमें से 47 हजार 404 आवेदन शिविरों और 112 आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए। संकल्प से समाधान अभियान के प्रथम चरण में अनिराकृत प्रकरणों का निराकरण 16 फरवरी से 16 मार्च तक चलाये जाने वाले दूसरे चरण में क्लस्टर स्तर पर शिविर लगाकर किया जायेगा। क्लस्टर स्तर पर आयोजित शिविरों में आम नागरिक आवेदन दे सकेंगे। अभियान का तीसरा चरण 16 से 26 मार्च तक चलाया जायेगा। तीसरे चरण में क्लस्टर स्तर पर अनिराकृत आवेदनों और शिकायतों तथा नये प्राप्त होने वाले आवेदनों का निराकरण करने खण्ड स्तर पर शिविर लगाये जा रहे हैं। इन शिविरों में किये गये निराकरणों को ब्लॉक लेवल नोडल अधिकारी द्वारा सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जायेगा। संकल्प से समाधान अभियान का चौथा और आखिरी चरण 26 से 31 मार्च तक चलेगा। इस चरण में जिला स्तर पर शिविर लगाकर सभी अनिराकृत शेष आवेदनों एवं शिकायतों के साथ नवीन प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जायेगा। जिला स्तरीय शिविर में हितग्राहियों एवं लाभार्थियों को मौके पर ही हितलाभों का वितरण भी किया जायेगा। भानेश साकुरे / 08 फरवरी 2026