समस्तीपुर, (ईएमएस)। बिहार के समस्तीपुर में अज्ञात अपराधियों ने एक टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। घटना से आक्रोशित लोगों ने शव के साथ मुख्य सड़क को जाम कर दिया और हंगामा मचाया। गुस्साए लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। मृतक की पहचान ताजपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी गणेश सहनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गणेश सहनी हरपुर भिंडी गांव से ट्यूशन पढ़ाकर अपने घर लौट रहा था तभी पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने दर्जिनिया पुल पर ताबड़तोड़ गोली मारी और मौके पर ही टीचर की मौत हो गयी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गये। घटना की सूचना मिलते ही ताजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल के पास से पुलिस ने एक दर्जन से अधिक खोखा बरामद किया है। घटना के बाद स्थानीय लोग काफी आक्रोशित हो गए और राष्ट्रीय राज मार्ग पर शव रखकर जाम कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक पेशे से टीचर के साथ-साथ एडवोकेट भी थे। साथ में प्रॉपर्टी डीलर का भी काम करते थे। वह एक निजी कोचिंग में पढ़ाते थे। लोगों का कहना है कि मृतक रविवार को भी कोचिंग में बच्चों को पढ़ाकर लौट रहे थे कि तभी पहले से घात लगाये बैठे अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों की माने तो बदमाशों ने करीब बीस राउंड फायरिंग की है। उधर सड़क जाम के कारण इस प्रमुख मार्ग पर दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई। आक्रोशित लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। संतोष झा- ०८ फरवरी/२०२६/ईएमएस