क्षेत्रीय
08-Feb-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) शिकोहाबाद नगर स्थित नारायण इंटर कॉलेज मैदान में रविवार को विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर शामिल हुए। सम्मेलन में सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने और धार्मिक एकता मजबूत करने पर जोर दिया गया। अपने संबोधन में देवकी नंदन ठाकुर ने कहा कि आदर्श परिवार के निर्माण के लिए रामायण और गीता जैसे धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन जरूरी है। उन्होंने बच्चों को संस्कारवान बनाने, बुजुर्गों का सम्मान करने और समाज में नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही उन्होंने देश में लापता हो रहे बच्चों और खासकर बेटियों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए अभिभावकों से जागरूक रहने की अपील की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने सनातन समाज से एकजुट होने का आह्वान किया और कहा कि बच्चों को धनवान से ज्यादा संस्कारवान बनाना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी कानून ऐसा होना चाहिए जो समाज को जोड़ने का काम करे। कार्यक्रम की एक खास बात यह रही कि अमोर गांव से आई सैकड़ों मुस्लिम महिलाओं ने भी सम्मेलन में भाग लेकर पूरे कार्यक्रम को श्रद्धा के साथ सुना। इस मौके पर पूर्व विधायक हरिओम यादव, पूर्व विधायक ओमप्रकाश वर्मा, जिलाध्यक्ष सतीश दिवाकर, चेयरमैन रानी गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप यादव और रामकैलाश यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने पंक्ति में बैठकर कार्यक्रम का अवलोकन किया। ईएमएस