क्षेत्रीय
08-Feb-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में रविवार को केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर प्रेस वार्ता संपन्न हुई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किए गए बजट को विकसित भारत-2047 के संकल्प को सिद्ध करने वाला ऐतिहासिक दस्तावेज बताया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि केंद्रीय बजट महज आंकड़ों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बजट में युवा, गरीब, महिला और अन्नदाता (किसान) को केंद्र में रखा गया है। सांसद ने बताया कि रोजगार सृजन, अधोसंरचना विकास, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को इस बजट में विशेष प्राथमिकता दी गई है, जो भारत की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। आम जनमानस की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नवनियुक्त जिला प्रभारी डॉ. प्रभु लाल जाटव ने कहा कि यह बजट आम जनमानस की आकांक्षाओं के अनुरूप तैयार किया गया है। यह गांव, गरीब, किसान और मध्यम वर्ग के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने वाला बजट है, जो विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करेगा। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रवि पांडे ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट मध्य प्रदेश और शाजापुर जिले के विकास को नई गति देगा। इससे स्थानीय व्यापार, उद्योग और कृषि को लाभ मिलेगा, साथ ही युवाओं के लिए स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने इसे मोदी सरकार के मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का साक्षात उदाहरण बताया। संचालन भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शिवहरे ने किया। आभार जिला महामंत्री राय सिंह मालवीय ने माना। ईएमएस / 08 फरवरी 2026.