गुना (ईएमएस) शहर के कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिलोनिया के पास गत देर शाम एक हृदयविदारक सडक़ हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में गुना के शासकीय कस्तूरबा कॉलेज में पदस्थ मनोज मीणा और उनके सगे चाचा ससुर रामसिंह मीणा की जान चली गई। अज्ञात वाहन की भीषण टक्कर के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिससे दो परिवारों में मातम छा गया है। मिली जानकारी के अनुसार, अशोकनगर जिले के ग्राम रावसर निवासी मनोज मीणा (35) अपने चाचा ससुर रामसिंह मीणा (60), जो राजस्थान के निवासी थे, के साथ रविवार शाम को बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। मनोज मीणा गुना के कस्तूरबा कॉलेज में कार्यरत थे और रविवार होने के कारण वे अपने खेत आदि देखने आए थे। शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच जब वे बिलोनिया के पास पहुँचे, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। परिजनों ने बताया कि शाम को मनोज की घर पर बात हुई थी और उन्होंने कहा था कि वे गांव के लिए निकल चुके हैं। जब देर रात तक दोनों घर नहीं पहुँचे, तो परिजनों की चिंता बढ़ी और बाद में हादसे की खबर मिली। मृतक मनोज मीणा अपने पीछे दो छोटे बच्चों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शवों को कब्जे में लिया और सोमवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए। कैंट पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीताराम नाटानी