क्षेत्रीय
09-Feb-2026


धमतरी(ईएमएस)। जिले में धान के अनुज्ञा पत्रों में कुटरचना और मंडी टैक्स चोरी के मामले में बोराई पुलिस ने दो व्यापारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। नगरी मंडी के सचिव बोधन मड़ाई की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, घुटकेल स्थित सीताराम ट्रेडर्स के संचालक सीताराम साहू ने अनुज्ञा पत्रों में हेरफेर कर करीब 3470 क्विंटल धान का अवैध परिवहन किया। यह मामला 15 नवंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच का बताया गया है। जांच में पाया गया कि जारी अनुज्ञा पत्र ई-मंडी पोर्टल में दर्ज रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रहे थे, जिससे मंडी समिति को 1 लाख 52 हजार 680 रुपए के टैक्स का नुकसान हुआ। इस मामले में सीताराम साहू के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 की धारा 19 सहित भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है इसी तरह बोराई स्थित रोशन ट्रेडर्स के संचालक पदमचंद भंसाली पर भी अनुज्ञा पत्रों में हेरफेर कर टैक्स चोरी करने का आरोप है। 15 नवंबर 2025 से 4 जनवरी 2026 के बीच जारी दस्तावेज ई-मंडी पोर्टल के रिकॉर्ड से मेल नहीं खाए, जिससे मंडी समिति को करीब 1 लाख 42 हजार 560 रुपए का नुकसान हुआ। बोराई पुलिस ने पदमचंद भंसाली के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 फरवरी 2026