क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


धमतरी(ईएमएस) जिले में आस्था और पर्यटन के प्रमुख केंद्र रुद्रेश्वर घाट मंदिर परिसर को स्वच्छ बनाने के लिए यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की धमतरी इकाई ने सराहनीय पहल की है। आगामी महाशिवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए संस्था के सदस्यों ने घाट और मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया। संस्था के चेयरमैन हुकुमचंद जैन ने बताया कि महाशिवरात्रि के दौरान यहां हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिले, इसी उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया गया। सफाई के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। अभियान में रुद्री घूमने आए पर्यटकों ने भी सहयोग दिया। इस दौरान प्रिया मानिकपुरी (बिलासपुर), दिव्या चौधरी (जयपुर), सानिया चंद्राकर (धमतरी) और गुंजीता जायसवाल (बेमेतरा) भी शामिल रहीं। सफाई अभियान में यूथ हॉस्टल एसोसिएशन के सचिव सुबोध महावर, अध्यक्ष रमेश देव, मनीष चंद्राकर, विश्वेश कोटवानी, धनंजय सोनकर, डॉ. भूपेंद्र साहू, अनमोल कोटवानी, वैदिक सोनकर और जतिन देव सहित अन्य सदस्यों ने श्रमदान कर परिसर को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 फरवरी 2026