सुरगुजा(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के ‘शिमला’ के नाम से प्रसिद्ध मैनपाट में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मैनपाट महोत्सव 2026 का आयोजन 13 से 15 फरवरी तक किया जाएगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव में भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी, बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर सहित कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव का शुभारंभ 13 फरवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और लंबे समय बाद महोत्सव की रौनक फिर से लौटती नजर आ रही है। कार्यक्रम के दौरान एडवेंचर गेम्स, बोटिंग, झूले, भव्य मेला और दंगल जैसे आकर्षक आयोजन भी होंगे, जिससे पर्यटकों के लिए खास आकर्षण तैयार किया जा रहा है। पहले दिन सांसद और भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार मनोज तिवारी मुख्य प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा के प्रसिद्ध छउ नृत्य कलाकार हरिपद मोहंता भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी महोत्सव की शोभा बढ़ाएंगे। राज्य शासन ने इस आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य मैनपाट में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक सैलानियों को आकर्षित करना है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 फरवरी 2026