गुना (ईएमएस)।जिला अस्पताल की इमरजेंसी सेवा पर उस समय सवाल खड़े हो गए जब ड्यूटी पर मौजूद एक डॉक्टर का कथित रूप से नशे की हालत में वीडियो सामने आया। देर रात सामने आए इस वीडियो में डॉक्टर की बोलचाल असामान्य दिखाई दे रही है और वे मरीज से संबंधित सामान्य जानकारी भी स्पष्ट रूप से नहीं दे पा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल हस्तक्षेप कर संबंधित डॉक्टर को ड्यूटी से हटाते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डॉक्टर को मरीज का पर्चा दिखाया गया तो वे उसे ठीक से पढ़ नहीं पाए और मरीज के बारे में पूछे जाने पर उलझन में दिखाई दिए। वीडियो में उनकी जुबान लड़खड़ाती सुनाई देती है, जिससे मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति पर आपत्ति जताई। बताया गया कि डॉक्टर की उस समय इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी लगी हुई थी। इस संबंध में मरीज के अटेंडर कल्लू सिंह ने बताया कि डॉक्टर नशे में थे और उन्होंने मरीज को ठीक से नहीं देखा। उनका कहना है कि सांस लेने में दिक्कत होने पर वे मरीज को अस्पताल लेकर आए थे, लेकिन डॉक्टर ने पहले पर्चे पर अस्पष्ट लिखावट की और बाद में पर्चा ही फाड़ दिया, जिससे उपचार में देरी की स्थिति बनी। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन मौके पर पहुंचा और संबंधित डॉक्टर को तत्काल घर भेज दिया गया। स्टाफ के अनुसार, मरीज को बाद में भर्ती कर आवश्यक इलाज शुरू कराया गया। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले को गंभीरता से लिया गया है। इस मामले में सीएमएचओ और प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर ने कहा कि रात में ही प्रकरण उनके संज्ञान में आ गया था। उन्होंने आरएम और मैनेजर को मौके पर भेजकर ड्यूटी डॉक्टर को बदल दिया। उनका कहना है कि संबंधित डॉक्टर को नोटिस जारी करते हुए सात दिन के लिए ड्यूटी से हटा दिया गया है और जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।- सीताराम नाटानी