राज्य
09-Feb-2026


- एक बार फिर होगा प्रस्तावित सूची पर मंथन भोपाल (ईएमएस)। प्रदेश में भाजपा की सरकार बने भले ही दो साल पूरे होने को आ रहे हों, लेकिन अभी तक राजनीतिक नियुक्तियों की बाट जोह रहे नेताओं के हाथ कुछ नहीं आ पाया है। शनिवार को मुख्यमंत्री दिल्ली पहुंचे थे और माना जा रहा था कि एक-दो दिन में निगम-मंडलों की सूची घोषित हो जाएगी, लेकिन अब कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक बार फिर सूची पर मंथन करने को कहा है। ऐसे में कुछ नामों में संशोधन हो जाए तो बड़ी बात नहीं है। प्रदेश में निगम-मंडलों के साथ-साथ एल्डरमैन की नियुक्ति भी अधर में लटकी हुई है। हालांकि नगर निगम के कार्यकाल को अब डेढ़ साल का समय बचा है और इतना ही समय एल्डरमैन को कार्य करने को मिलेगा। कई तो एल्डरमैन बनने की आस छोड़ चुके हैं, क्योंकि भाजपा का पिछला कार्यकाल भी एल्डरमैन के बिना ही निकल गया था और इस बार भी कुछ ऐसे आसार नजर आ रहे हैं। बात करें निगम और मंडल में खाली पड़े पदों की तो इस बारे में भी संगठन अभी तक कोई निर्णय नहीं ले पाया है। पिछले सप्ताह भोपाल में हुए संगठन की हाईलेवल मीटिंग और उसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव का अचानक दिल्ली जाना बता रहा था कि अब निगम-मंडलों की सूची जारी हो जाएगी, लेकिन मुख्यमंत्री के दिल्ली से लौटने के बाद भोपाल में खामोशी है। सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने एक बार फिर सूची पर मंथन करने के लिए कहा है। अब नए सिरे से सूची तैयार किए जाने की संभावना है। जाहिर है इनमें से कुछ नाम कटेंगे तो कुछ नए नाम जुड़ सकते हैं। नितिन नबीन भी अपने एक-दो समर्थकों को इस सूची में एडजस्ट करवा सकते हैं। वैसे दावा किया जा रहा है कि जल्द ही निगम-मंडलों की नियुक्तियां हो जाएंगी और घर बैठे वरिष्ठ नेताओं को काम मिल जाएगा। विनोद / 09 फरवरी 26