- 2 दिन बाद फिर तापमान गिरने की संभावना भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश में लोगों को कड़ाके की ठंड और कोहरे से फिलहाल राहत मिल गई है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के ऊपर की तरफ निकल जाने से प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क हो गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि यदि यह सिस्टम नीचे की ओर झुकता तो प्रदेश में बारिश और कोहरा देखने को मिलता, लेकिन अब आसमान साफ होने से दिन और रात के तापमान सामान्य बने हुए हैं। अगले 24 घंटों के दौरान तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और रात के पारे में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम केंद्र के अनुसार, अगले एक-दो दिन में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि यह राहत ज्यादा लंबी नहीं होगी, क्योंकि 13 फरवरी से एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। विनोद / 09 फरवरी 26