क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


मुरैना ( ईएमएस ) | मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सोमवार को मुरैना स्थित श्री करह धाम आश्रम में आयोजित सिय-पिय मिलन समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने श्री गुरुदेव पटिया वाले बाबा महाराज के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सतत प्रगति, शांति और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने बाई महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा सीताराम नाम के कीर्तन एवं सदियों से चली आ रही रामधुन में सहभागिता की। उन्होंने श्री दीनबंधु दास महाराज जी को पुष्पमाला अर्पित कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए श्री तोमर ने कहा कि परमात्मा को जिस भाव और श्रद्धा से स्मरण किया जाता है, वही स्वरूप भक्त को अनुभूत होता है। पटिया वाले बाबा ने अपनी कठोर तपस्या और साधना के माध्यम से जो आध्यात्मिक आनंद प्रदान किया है, श्रद्धालुओं की विशाल उपस्थिति उसी का प्रमाण है। रासलीला मंच से संबोधन के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कैलाशवासी महाराज की बरसी के अवसर पर यह भव्य धार्मिक मेला आयोजित किया गया है, जिसमें रासलीला का मंचन हो रहा है। उन्होंने कहा कि परम पूज्य रामदास महाराज जी ने अपनी तपस्या के लिए इस पावन स्थल का चयन किया, जिसके फलस्वरूप यह स्थान आज समस्त श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख तीर्थ के रूप में प्रतिष्ठित हो चुका है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में देशभर में अनेक तीर्थस्थल हैं, किंतु करह धाम ऐसा स्थल है, जहाँ दर्शन मात्र से चारों धामों के दर्शन का पुण्य प्राप्त होता है। मुझे अल्प आयु में परम पूज्य रामदास महाराज जी का सानिध्य प्राप्त हुआ, और उनकी तपस्वी साधना ने मेरे जीवन को गहराई से प्रेरित किया। श्री तोमर ने कहा कि दीनबंधु महाराज जी उसी मार्ग को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं, जिसकी अपेक्षा परम पूज्य रामदास महाराज जी ने की थी। दीनबंधु महाराज जी की प्रेरणा से गाँव-गाँव में रामायण पाठ, कीर्तन, सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का आयोजन प्रारंभ हुआ है। इन आयोजनों के माध्यम से समाज में धर्म के प्रति आस्था सुदृढ़ हो रही है और लोगों को नैतिक एवं आध्यात्मिक प्रेरणा मिल रही है। इस अवसर पर मुरैना की महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, समाजसेवी कमलेश कुशवाह, डॉ. योगेशपाल गुप्ता, एसडीओपी पुलिस सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।