* एक मार्च को होगी परीक्षा मधुबनी, (ईएमएस)। पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग छात्राओं के लिए सत्र-2026-27 में अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय मधुबनी (दरभंगा में संचालित) में कक्षा 6,7,8 एवं 9 में नामांकन होना है। इसके लिए अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय में पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग छात्राओं का नामांकन होना है। कक्षा 6 से 9 में नामांकन लिखित वस्तुनिष्ठ परीक्षा के आधार पर होगा। वस्तुनिष्ठ परीक्षा 100 अंक की होगी जिसमें हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, तथा सामाजिक विज्ञान सभी से 20 अंक के प्रश्न होंगें। परीक्षा की अवधि 2 घंटों की होगी। आवासीय विद्यालय में नामांकन के लिए आयु सीमा 1 अप्रैल 2026 को कक्षा 6 के लिए 10-13 वर्ष, कक्षा 7 के लिए 11-14 वर्ष, कक्षा 8 के लिए 12-15 वर्ष और कक्षा 9 के लिए 13-16 वर्ष निर्धारित है। आवेदन विभागीय वेबसाईट पर ऑनलाईन समर्पित किया जा सकता है। ऑफलाइन आवेदन जिला कल्याण कार्यालय, मधुबनी में समर्पित किया जा सकता है। आवेदन पत्र के साथ जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र तथा आय प्रमाण पत्र सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्गत होना चाहिए. साथ ही शैक्षिणक प्रमाण पत्र, विद्यालय परित्याग प्रमाण पत्र तथा अद्यतन फोटो होना चाहिए। आवेदक के माता,पिता या अभिभावक की कोई आय अधिकतम तीन लाख रुपया वार्षिक तक ही होनी चाहिए। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 16 फरवरी तक है। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तिथि 15 फरवरी से 22 फरवरी तक है। परीक्षा की तिथि एक मार्च है। परीक्षाफल का प्रकाशन 13 मार्च को होगा. नामांकन 16 मार्च से 23 मार्च तक होगा। कक्षा एक अप्रैल से प्रारंभ होगा। छात्राओं के लिए आवासीय विद्यालय में योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों के द्वारा अध्यापन, डिजिटल क्लास, कंप्यूटर लैब,पुस्तकालय की सुविधा ,छात्राओं का प्रगति का निरंतर मार्गदर्शन, जीविका दीदी की रसोई के द्वारा गुणवत्तापूर्ण नाश्ता,भोजन की व्यवस्था, जीविका दीदी के द्वारा परिसर की पूर्ण साफ सफाई, डीबीटी के माध्यम से तेल, दवा, साबुन, बेडशीट आदि का भुगतान तथा नियमित चिकित्सा जाँच की सुविधा उपलब्ध है। कार्तिक कुमार/संतोष झा- ०९ फरवरी/२०२६/ईएमएस