क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी में आयोजित होने वाले भामती वाचस्पति महोत्सव के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव के आयोजन की तिथि 15 एवं 16 मार्च निर्धारित की गई। बैठक में महोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा, कार्यक्रमों की रूप-सज्जा, मंच व्यवस्था, अतिथि सत्कार, सुरक्षा व्यवस्था, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रस्तुतियों सहित विभिन्न प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। * आपसी समन्वय से भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन के निर्देश जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए महोत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि यह महोत्सव न केवल सांस्कृतिक आयोजन है, बल्कि मिथिला की गौरवशाली बौद्धिक परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है।जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि आगंतुकों की सुविधा, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा एवं प्रचार-प्रसार की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए, ताकि आयोजन सफल एवं यादगार बन सके।भामती वाचस्पति की दार्शनिक व सांस्कृतिक विरासत के प्रचार का निर्णय लिया गया। अंधराठाढ़ी में आयोजित होने वाले इस महोत्सव के माध्यम से महान दार्शनिक एवं विद्वान भामती वाचस्पति की दार्शनिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा। इसके लिए संगोष्ठी, व्याख्यान, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी जैसे आयोजन शामिल किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक विरासत से जुड़ सकें। बैठक में अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी नीतीश कुमार, भामती वाचस्पति समिति के अध्यक्ष, सचिव सहित समिति के अन्य वरीय सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए। कार्तिक कुमार/संतोष झा- ०९ फरवरी/२०२६/ईएमएस