रायपुर (ईएमएस)। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट का पर्दाफाश किया गया है। संयुक्त कार्रवाई में 24 घंटे के भीतर कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 60 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों में थाना कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया गिरोह के 02 सदस्य भी शामिल हैं, जिनसे लगभग 04 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। सिंडिकेट में पुरुष, महिला एवं विधि से संघर्षरत बालक शामिल थे। कुल 12 आरोपी एवं 02 बालक को हिरासत में लिया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी रायपुर के थाना उरला क्षेत्र अंतर्गत किराये के मकान को आधार बनाकर पिछले एक माह से गांजा डम्प कर सोनभद्र, आगरा, नोएडा सहित उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में सप्लाई कर रहे थे। गांजा परिवहन के लिए आरोपी रेल मार्ग का उपयोग करते थे। यह कार्यवाही एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट, थाना उरला, थाना सिविल लाईन एवं थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/9 फरवरी 2026