रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर एवं राजनांदगांव में स्कूली बच्चों पर चाकूबाजी और शिक्षण संस्थानों के आसपास अवैध नशे के बढ़ते कारोबार पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और भाजपा शासन में छत्तीसगढ़ जंगलराज की गिरफ्त में चला गया है। सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि राजधानी रायपुर के मोवा स्थित स्कूल परिसर में चाकू लहराते छात्रों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होना और अब राजनांदगांव में लाइब्रेरी परिसर के पास स्कूली छात्र पर चाकू से हमला होना बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है। उन्होंने कहा, “जिन हाथों में कलम होनी चाहिए, आज उन्हीं हाथों में चाकू है। जिन पीठों पर बस्ते होने चाहिए, वहां ब्लेड के घाव हैं। यह भाजपा सरकार की घोर विफलता का परिणाम है।” वरिष्ठ प्रवक्ता ने कहा कि अब तो अस्पतालों के आसपास भी नशे का अवैध कारोबार बेख़ौफ़ चल रहा है, जिससे युवा पीढ़ी बर्बादी की ओर धकेली जा रही है। भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ को शांति के टापू से अपराध और नशे का केंद्र बना दिया है। उन्होंने कहा कि संस्कारधानी राजनांदगांव जैसे शहर में ज्ञान के केंद्र लाइब्रेरी के आसपास दिनदहाड़े धारदार हथियारों से हमला होना, खुलेआम चाकू लहराकर दहशत फैलाना आम बात हो गई है। प्रदेश की जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। हालात ऐसे हैं कि अब अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने से भी डरने लगे हैं। सुरेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में गोगो, हुक्का, ड्रग्स, गांजा और नशीली दवाओं का अवैध कारोबार सत्ता के संरक्षण में फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पिछले दो वर्षों में 50 हजार से अधिक आपराधिक घटनाएं हुई हैं, जिनमें से 70 प्रतिशत से अधिक अपराध नशे से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी अक्षमता और विफलता छुपाने के लिए अवैध नशाखोरी को प्रश्रय दे रही है, जिसके कारण अपराध बेलगाम हो चुके हैं। आज हालात यह हैं कि स्कूल, अस्पताल और पुस्तकालय तक अपराधियों की जद में आ चुके हैं। वरिष्ठ प्रवक्ता ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश का गृह विभाग पूरी तरह से नाकाम साबित हुआ है और जनता अब जवाब चाहती है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/9 फरवरी 2026