-ऑपरेशन सिंदूर के बाद कर्नल कुरैशी पर की थी टिप्पणी भोपाल(ईएमएस)। मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए विवादित बयान के मामले में 9 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी। जैसे ही विजय शाह के मामले की सुनवाई का समय आया, कोर्ट का समय समाप्त हो गया। अब इस मामले में आगामी दिनों में सुनवाई होगी। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट पहले ही पेश की जा चुकी है। उम्मीद थी कि सुनवाई के दौरान मंत्री के खिलाफ अभियोजन की कार्यवाही को लेकर कोई निर्णय लिया जा सकता है। 7 फरवरी को मंत्री विजय शाह ने लिखित माफी पढक़र सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी, जिसका वीडियो भी जारी किया गया। पूरे मामले में यह उनकी चौथी माफी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश और सुनवाई को देखते हुए सरकार इस प्रकरण को गंभीरता से ले रही है और कोर्ट के रुख पर लगातार नजर बनाए हुए है। गौरतलब है कि मंत्री विजय शाह ने 11 मई 2025 को महू के रायकुंडा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। विनोद उपाध्याय / 09 फरवरी, 2026