क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


सीतापुर (ईएमएस)। सनातन धर्म के पौराणिक स्थल जनपद सीतापुर स्थित योगी बाड़ा श्री तपोधाम आश्रम में मूर्ति स्थापना दिवस एवं भव्य भण्डारा कार्यक्रम में आज गोरक्षपीठाधीश्वर महंत एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज सम्मिलित हुए। इस अवसर पर योगी महाराज ने नवनिर्मित मूर्ति का अनावरण एवं गोरख अमृत धारा का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि दुनिया के अंदर तमाम सभ्यताएं तथा संस्कृतियां बनीं और समाप्त हो गईं, लेकिन सनातन धर्म आज भी गौरव के साथ खड़ा है और दुनिया को वसुधैव कुटुम्बकम् का संदेश दे रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नाथ संप्रदाय सदैव ही सानातन की रक्षा करने में अग्रणी रहा है। सीतापुर जिला मुख्यालय के शास्त्रीनगर मुहल्ले में स्थिति योगी बाड़ा श्री तपोधाम आश्रम जो नाथ संप्रदाय का ही आश्रम है। जहां पर कई वर्षों पूर्व तपस्वी श्री गिरिधारीनाथ जी महाराज ने कई वर्षों तक तपस्या की थी ताकि अपने आराध्यदेव का आशीष प्राप्त कर सकें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अवधूत योगी महासभा के अध्यक्ष होने के कारण उन्हें इसी सभा के उपाध्यक्ष महंत श्री योगी बालक नाथ (सदस्य विधानसभा राजस्थान) तथा योगी बाड़ा तपोधाम आश्रम के महंत श्री योगी तेजनाथ जी ने विशेष रूप से आमंत्रित किया था। इस कार्यक्रम में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश आदि कई प्रांतों से कई योगी महंतो ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थित दर्ज कराई। मुख्यमंत्री ने अपनी भाषण में बांग्लादेश में हिंदुओं की वर्तमान हालत पर भी बरसे। उन्होंने कहा कि हमें बांग्लादेशी घटनाओं से काफी कुछ सीखने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री के 36 मिनट के भाषण का केंद्र बिंदु सनातन ही रहा।