राज्य
09-Feb-2026
...


:: विधायक और आयुक्त के साथ झोन-10 का निरीक्षण; श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल से महावीर बाग तक 2.27 करोड़ से बनेगी नई सड़क :: इंदौर (ईएमएस)। मनीष पुरी क्षेत्र से रिंग रोड को जोड़ने वाले मार्ग को सुगम बनाने के लिए नगर निगम ने प्रयास तेज कर दिए हैं। सोमवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेंद्र हार्डिया और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने विशेष रूप से मनीष पुरी मार्ग का निरीक्षण किया। यहाँ सड़क के बीचों-बीच स्थित विद्युत पोल यातायात के लिए बड़ी बाधा बना हुआ है, जिसे तत्काल शिफ्ट करने के निर्देश महापौर ने अधिकारियों को दिए। महापौर ने निरीक्षण के दौरान कहा कि मनीष पुरी से रिंग रोड की सीधी और सुव्यवस्थित कनेक्टिविटी क्षेत्र के नागरिकों के लिए अत्यंत आवश्यक है। विद्युत पोल की शिफ्टिंग के बाद इस मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और वाहन चालकों को जाम से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोल शिफ्टिंग की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ जल्द से जल्द पूरा किया जाए। :: करोड़ों की लागत से सुधरेगा इंफ्रास्ट्रक्चर :: निरीक्षण दल ने झोन क्रमांक-10 के अंतर्गत साकेत नगर और तिलक नगर क्षेत्रों का भी जायजा लिया। इस दौरान श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल से महावीर बाग पानी की टंकी तक 2.27 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क परियोजना की समीक्षा की गई। महापौर ने जोर दिया कि इस सड़क का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हो ताकि स्थानीय रहवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। :: गुणवत्ता से समझौता नहीं :: महापौर भार्गव और विधायक हार्डिया ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के निर्माण के साथ-साथ ड्रेनेज और नागरिक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान निगम के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी और झोनल अमला भी मौजूद रहा। प्रकाश/09 फरवरी 2026