राज्य
09-Feb-2026
...


:: सुबह 7 बजे से झोन 2, 14 और भागीरथपुरा का किया सघन निरीक्षण; समय पर कचरा न उठने पर जताई नाराजगी :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सोमवार सुबह झोन क्रमांक 2, 14 और भागीरथपुरा क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। सुबह 7:00 बजे ही मैदान में उतरे आयुक्त ने विकास कार्यों की गुणवत्ता जांची और सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार भी लगाई। :: भागीरथपुरा : नियमित जलप्रदाय के निर्देश :: आयुक्त ने अपने दौरे की शुरुआत भागीरथपुरा क्षेत्र से की, जहाँ उन्होंने जलप्रदाय और ड्रेनेज लाइन बिछाने के कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पाइप लाइन डालने के कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं ताकि नागरिकों को नियमित और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। :: जवाहर मार्ग : सफाई में कोताही पर एक्शन :: निरीक्षण के दौरान आयुक्त झोन क्रमांक 02 के अंतर्गत जवाहर मार्ग (लोहार पट्टी) क्षेत्र पहुँचे। यहाँ समय पर कचरा नहीं उठाए जाने और सड़कों पर गंदगी देख उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित दरोगा को मौके पर ही जमकर फटकार लगाई गई और तत्काल पूरे क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर कचरा हटाने के निर्देश दिए। :: हवा बंगला : विकास कार्यों की समीक्षा :: दौरे के अगले चरण में आयुक्त ने झोन क्रमांक 14 के हवा बंगला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और वहां चल रहे अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने झोनल अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य मार्गों के साथ-साथ बस्तियों के अंदरूनी हिस्सों में भी सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त नरेंद्र नाथ पांडे सहित संबंधित झोनल अधिकारी और विभागीय इंजीनियर भी मौजूद रहे। प्रकाश/09 फरवरी 2026