राज्य
09-Feb-2026


:: रवीन्द्र नाट्य गृह में सजेगा सम्मान समारोह; स्वच्छ वार्ड रैंकिंग प्रतियोगिता का भी होगा आगाज़ :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार कीर्तिमान स्थापित करने वाला इंदौर शहर एक बार फिर स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के लिए अपनी तैयारी का शंखनाद करने जा रहा है। इसी कड़ी में आज, 10 फरवरी (मंगलवार) को शहर के रवीन्द्र नाट्य गृह में एक भव्य गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से इंदौर नगर निगम स्वच्छता के प्रति जन-भागीदारी को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास करेगा। समारोह का मुख्य आकर्षण स्वच्छता गीत 2025-26 का आधिकारिक भव्य शुभारंभ होगा। इसके साथ ही, वार्डों के बीच स्वच्छता की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए स्वच्छ वार्ड रैंकिंग प्रतियोगिता की भी शुरुआत की जाएगी। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड को स्वच्छता के मानकों पर सर्वश्रेष्ठ बनाना है ताकि इंदौर नंबर-1 के पायदान पर अपनी पकड़ और मजबूत कर सके। :: चैम्पियन और सफ़ाईमित्रों का होगा सम्मान :: कार्यक्रम के दौरान शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छता चैम्पियन एवं सफ़ाईमित्रों के लिए सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया है। दोपहर 12:00 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। निगम प्रशासन ने बढ़ाएं हाथ-करें सफ़ाई साथ के नारे के साथ प्रबुद्ध नागरिकों को इस आयोजन का साक्षी बनने के लिए आमंत्रित किया है। प्रकाश/09 फरवरी 2026