:: एक तरफ जुर्माना, दूसरी तरफ सुरक्षा पाठ; सड़क हादसों में होने वाली मौतों को रोकने के लिए मैदान में उतरा अमला :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में यातायात को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए इंदौर पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 08 फरवरी को बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1163 चालकों के विरुद्ध प्रभावी चालानी कार्यवाही की गई। इस मुहिम का प्राथमिक उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के दौरान सिर में लगने वाली घातक चोटों से होने वाली मौतों को रोकना है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह एवं प्रभारी पुलिस उपायुक्त (यातायात) राजेश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। पलासिया, विजयनगर, महूनाका, चाणक्यपुरी और राजीव गांधी सर्कल जैसे प्रमुख चौराहों पर उन दोपहिया वाहन चालकों को रोका गया, जो बिना हेलमेट सफर कर रहे थे। :: अनाउंसमेंट के जरिए दी जा रही समझाइश :: कार्यवाही के दौरान पुलिस का एक मानवीय चेहरा भी नजर आया। जहाँ एक ओर नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना वसूला जा रहा है, वहीं दूसरी ओर लाउडस्पीकर के माध्यम से अनाउंसमेंट कर आमजन को सड़क सुरक्षा का महत्व भी समझाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को बताया कि यह सख्ती उनके स्वयं के हित में है ताकि वे हेलमेट के महत्व को समझें और सड़क हादसों के दुष्परिणामों से सुरक्षित रहें। :: जनता से सहयोग और सुरक्षा की अपील :: इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से भावुक अपील की है कि वे अपने और अपने परिवार की खुशियों के लिए सदैव हेलमेट का उपयोग करें। विभाग का संदेश स्पष्ट है कि सड़क पर सुरक्षा ही सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए और इसे केवल नियमों के जिम्मेदारीपूर्वक पालन से ही सुनिश्चित किया जा सकता है। आने वाले दिनों में यह अभियान और भी कड़ाई से जारी रहने के संकेत दिए गए हैं। प्रकाश/09 फरवरी 2026