ज़रा हटके
10-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। सोशल मीडिया प्लेटफार्म वॉट्सऐप अब एक बेहद उपयोगी फीचर लेकर आई है, जो फोटो और वीडियो एडिट करने के बाद उन्हें ड्राफ्ट के रूप में सेव करने की सुविधा देता है। वॉट्सऐप अपने यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगातार नए फीचर्स जारी कर रहा है। यह फीचर फिलहाल आईओएएस यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है और इसे वाबेटाइंफो ने वॉट्सऐप बीटा फॉर आईओएस 26.5.10.73 में देखा है, जो टेस्टफ्लाइट ऐप पर मौजूद है। इस नए फीचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह फोटो और वीडियो को बिना भेजे सेव कर लेने का विकल्प देता है, जिससे यूजर्स बाद में उन्हें सटीक समय पर भेज सकते हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नया ड्राफ्ट सेविंग फीचर फोटो और वीडियो एडिट करते समय दिखाई देता है। यह विकल्प ड्रॉइंग एडिटर के टॉप सेक्शन में जोड़ा गया है, जहां यूजर हाई-क्वॉलिटी मीडिया भेजने का चयन करते हैं। जैसे ही कोई यूजर इस बटन को टैप करता है, स्क्रीन के बीच में एक पॉपअप दिखाई देता है, जो बताता है कि एडिट की गई फोटो या वीडियो सफलतापूर्वक सेव हो गई है। यह सेव किया हुआ मीडिया यूजर के फोन के फोटोज ऐप के ‘रीसेंट’ फोल्डर में स्वतः दिखाई देता है। यह नया फीचर उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा, जो किसी फोटो या वीडियो को एडिट करने के बाद तुरंत भेजना नहीं चाहते। पहले, अगर कोई यूजर किसी इमेज या वीडियो पर स्टिकर, ड्रॉइंग या फिल्टर लगाता था, तो उसे तुरंत भेजना पड़ता था। यदि वह नहीं भेजा जाता, तो एडिट्स अपने आप हट जाते थे और यूजर को पूरा एडिटिंग प्रोसेस दोबारा करना पड़ता था। अब ड्राफ्ट फीचर की मदद से एडिट्स सुरक्षित रखे जा सकेंगे और आवश्यकता पड़ने पर बाद में भेजे जा सकेंगे। वॉट्सऐप वर्तमान में इस फीचर को बीटा टेस्टर्स के लिए उपलब्ध करा रहा है। कंपनी का प्लान है कि टेस्टिंग सफल होने के बाद इसे स्टेबल वर्जन में शामिल किया जाएगा, ताकि दुनिया भर के सभी यूजर्स इस सुविधा का लाभ उठा सकें। यह फीचर वॉट्सऐप की मीडिया एडिटिंग क्षमता को एक नया आयाम देता है और यूजर्स के लिए फोटो व वीडियो शेयरिंग अनुभव को और आसान और तेज़ बनाता है। सुदामा/ईएमएस 10 फरवरी 2026