अंतर्राष्ट्रीय
10-Feb-2026
...


ढाका,(ईएमएस)। बांग्लादेश में आगामी चुनावों से पहले अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिका और बांग्लादेश के बीच सोमवार को एक महत्वपूर्ण व्यापार समझौता संपन्न हुआ है, जिसे अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस के लिए एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। इस नए समझौते के तहत अमेरिका ने बांग्लादेशी उत्पादों पर लगने वाले टैरिफ (आयात शुल्क) में कटौती करने का निर्णय लिया है। व्हाइट हाउस द्वारा जारी एक संयुक्त बयान के अनुसार, अमेरिका अब बांग्लादेश से आने वाले सामानों पर लगने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ को 20 प्रतिशत से घटाकर 19 प्रतिशत कर देगा। इस व्यापारिक समझौते का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच बाजार की पहुंच को सुगम बनाना, निवेश को बढ़ावा देना और व्यापारिक बाधाओं को कम करना है। समझौते की शर्तों के अनुसार, बांग्लादेश अपने बाजार में अमेरिकी औद्योगिक और कृषि उत्पादों को विशेष रियायतों के साथ प्रवेश देगा। इन उत्पादों की सूची काफी व्यापक है, जिसमें रसायन, चिकित्सा उपकरण, भारी मशीनरी, ऑटोमोबाइल और उनके पुर्जे, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी उपकरण, ऊर्जा उत्पाद, सोया, डेयरी, बीफ, पोल्ट्री, मेवे और विभिन्न फल शामिल हैं। विशेष रूप से कपड़ा उद्योग के लिए यह सौदा काफी अहम माना जा रहा है। अमेरिका ने वादा किया है कि वह बांग्लादेश के कुछ चुनिंदा परिधान उत्पादों को जीरो टैरिफ यानी शून्य शुल्क की सुविधा देगा। हालांकि, यह लाभ एक विशेष शर्त पर आधारित होगा—यह इस बात पर निर्भर करेगा कि बांग्लादेश उन उत्पादों को बनाने के लिए अमेरिका से कितनी मात्रा में कपास और कृत्रिम फाइबर जैसे कच्चे माल का आयात करता है। इसके अलावा, दोनों देश व्यापार में बाधा बनने वाले नॉन-टैरिफ बैरियर्स को खत्म करने पर भी सहमत हुए हैं। बांग्लादेश अब अमेरिकी वाहन सुरक्षा मानकों और एफडीए प्रमाणपत्रों को मान्यता देगा, जिससे अमेरिकी दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की मंजूरी की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। व्यापारिक लाभ के साथ-साथ बांग्लादेश ने कई महत्वपूर्ण सुधारों का भी वचन दिया है। इसमें डेटा का मुक्त हस्तांतरण, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण, बीमा क्षेत्र में व्यापक सुधार, श्रमिक अधिकारों की सुरक्षा और भ्रष्टाचार विरोधी कानूनों को सख्ती से लागू करना शामिल है। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण और जबरन श्रम से बने सामानों पर रोक लगाने की प्रतिबद्धता भी जताई गई है। व्यावसायिक स्तर पर बांग्लादेश की योजना अगले 15 वर्षों में अमेरिका से लगभग 15 अरब डॉलर के ऊर्जा उत्पाद और विमान खरीदने की है, साथ ही 3.5 अरब डॉलर के कृषि उत्पादों का आयात भी किया जाएगा। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल व्यापार असंतुलन का हवाला देते हुए बांग्लादेश पर भारी टैरिफ लगाए थे। शुरुआत में यह शुल्क 37 प्रतिशत तक था, जिसे अगस्त में घटाकर 20 प्रतिशत किया गया था। हाल ही में भारत और अमेरिका के बीच हुए समझौते में भारत पर लगे टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया था, जिसके बाद बांग्लादेश की ओर से भी समान रियायत की मांग तेज हो गई थी। मोहम्मद यूनुस ने इसके लिए व्यक्तिगत स्तर पर भी प्रयास किए थे। हालांकि, ताजा कटौती के बाद भी बांग्लादेश का टैरिफ रेट भारत के 18 प्रतिशत के मुकाबले 19 प्रतिशत पर ही रुक गया है। रोचक बात यह है कि इस नई कटौती के साथ अब बांग्लादेश और पाकिस्तान का टैरिफ रेट एक बराबर हो गया है, जिसकी चर्चा पड़ोसी देशों के व्यापारिक हलकों में भी खूब हो रही है। वीरेंद्र/ईएमएस/10फरवरी2026