- सेंसेक्स 144 अंक बढ़त के साथ खुला, निफ्टी 25,900 के पार मुंबई (ईएमएस)। वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों की वजह से मंगलवार के कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। निवेशकों का भरोसा बढ़ा हुआ नजर आया और बाजार खुलने के साथ ही खरीदारी का माहौल बन गया। बीएसई सेंसेक्स अपने पिछले बंद स्तर से करीब 144 अंकों की तेजी के साथ 84,210 के स्तर पर खुला और शुरुआती कारोबार में 84,270 के आसपास पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 50 ने भी करीब 57 अंकों की बढ़त के साथ 25,922.65 के स्तर पर कारोबार शुरू किया। सुबह शुरुआत के बाद सेंसेक्स 200 से ज्यादा अंकों की मजबूती के साथ 84,270 के ऊपर ट्रेड करता दिखा। निफ्टी भी 56 अंकों की तेजी के साथ 25,924 के आसपास बना रहा। शुरुआती सत्र में बाजार की यह मजबूती निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है। भारतीय बाजारों को मजबूती का सबसे बड़ा सहारा वैश्विक बाजारों से मिला। अमेरिकी शेयर बाजारों में सोमवार को टेक शेयरों की अगुवाई में अच्छी तेजी देखने को मिली। वहीं एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाजार हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। इन सकारात्मक वैश्विक संकेतों का असर भारतीय बाजार की ओपनिंग पर भी दिखा। शुरुआती कारोबार में आईटी, बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। आज बाजार की आगे की दिशा तिमाही नतीजों पर निर्भर करेगी। सतीश मोरे/10फरवरी ---