नई दिल्ली (ईएमएस)। पीरागढ़ी में कार के अंदर मिले 3 शवों के मामले में दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक ‘बाबा’ को अहम कड़ी माना है। पुलिस आत्महत्या की आशंका के साथ सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में सामने आए 3 लोगों की कथित आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच एक अहम मोड़ पर पहुंच गई है। इस केस में दिल्ली पुलिस ने उस व्यक्ति की पहचान कर ली है, जो घटना के समय उस कार में मौजूद था, जिसमें 2 पुरुषों और एक महिला के शव मिले थे। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति ‘बाबा’ के वेश में कार में बैठा नजर आ रहा है, जिसे जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है। बता दें कि यह घटना 8 फरवरी को पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास सामने आई, जहां बंद कार में तीनों मृत पाए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान यह पता लगा कि घटना से पहले एक व्यक्ति तीनों मृतकों के संपर्क में था और वह कार के अंदर भी बैठा था। यही व्यक्ति अब जांच के केंद्र में है, जिसे पुलिस ‘बाबा’ के रूप में पहचान रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस व्यक्ति की भूमिका क्या थी और घटना के दिन वह तीनों से क्यों और कैसे मिला। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों की पुष्टि फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच जारी है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक रविवार अपराह्न करीब 3.50 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को एक कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक कार में तीन लोग बैठे हैं, दरवाजे बंद हैं और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जहां कार के अंदर दो पुरुष और एक महिला मृत अवस्था में पाए गए। जांच में सामने आया कि पुलिस को सूचना देने से करीब 50 मिनट पहले ही कार घटनास्थल पर खड़ी थी। शुरुआती जांच में किसी तरह के बाहरी संघर्ष के संकेत नहीं मिले, जिससे आत्महत्या की आशंका गहराई है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/10/फरवरी/2026