भोपाल(ईएमएस)। जहांगीराबाद थाना इलाके में मदद के बहाने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर फरार होने वाले दो जालसाज की पुलिस तलाश कर रही है। मामले में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक बरखेड़ी निवासी केसरी बाई यादव (55) आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। 6 फरवरी को वह पंजाब नेशनल बैंक न्यू मार्केट से पासबुक में एंट्री कराकर लौटी थीं। वह ई-रिक्शे से एक्सट्रॉल कॉलेज के पास उतरीं और पैदल घर जा रही थीं, रास्ते में दो जालसाज उनके पास पहुंचे। दोनों ने उन्हें देखते हुए कहा कि आप थकी हुई दिखाई दे रही हैं। इसके बाद वह दोनों उन्हें लेकर एक मकान के दालान में बैठ गए। इस दौरान शातिरो ने उन्हें लूटपाट का डर दिखाते हुए अपने पास रखी नोटों की गड्डी दिखाई। झांसे में आई केसरी बाई ने मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, गले में पहनी चांदी की चेन उतारकर थैले में रख ली। आरोपियों ने नकली नोटों की गड्डी भी थैले में रखने को दे दी। इस दौरान उन्होंने उनका थैले से जेवरात उड़ा दिये और उनके लिये नाश्ता लेकर आने का कहकर चंपत हो गए। पुलिस महिला द्वारा हुलिये के आधार पर उनकी पहचान जुटाने के प्रयास कर रही है। जुनेद / 10 फरवरी