क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). शहर के चित्रगुप्त नगर स्थित श्रीवास्तव निजी नर्सिग होम में प्रसव के बाद छुट्टी होने पर घर में तबियत बिगडऩे के बाद अस्पताल में भर्ती होने पर ईलाज दौरान 10 फरवरी को प्रसूता की मौत हो गई। प्रसूता की मौत पर उसके परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर तबियत को लेकर गुमराह किये जाने व लापरवाही का आरोप लगाते हुये अस्पताल में हंगामा मचाया। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके में पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही की गई। मृतिका के परिजनों को मौत पर संदेह होने से मृतिका सलोनी पति अंगपाल मोहारे उम्र करीब 25 वर्ष का अस्पताल पुलिस चौकी द्वारा पंचनामा कर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस द्वारा शून्य पर मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है। मामला संबंध में मृतिका के मामा धमेन्द्र सुलाखे निवासी कायदी ने बताया कि मृतिका सलोनी को उनके द्वारा अपने पास कायदी में ही रखकर पढ़ाया व शादी भी भटेरा निवासी अंगपाल मोहारे के साथ वर्ष 2021 में की गई थी। सलोनी का पहले का एक पुत्र है और 22 फरवरी को दूसरे प्रसव के लिये श्रीवास्तव नर्सिग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सलोनी को सीजर से दूसरे दिन पुत्र हुआ जो थोड़ा अस्वस्थ था। जिसे निजी क्लिनिक लाइफ केयर में आईसीयू में भर्ती कराया गया। 27 फरवरी को जच्चा व बच्चा के स्वस्थ होने पर छुट्टी कराकर घर ले जाया गया। लेकिन उसके तीन-चार दिन बाद सलोनी को बुखार रहने लगा। जिसे 4 फरवरी को श्रीवास्तव नर्सिग होम में जांच के लिये ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने ब्लड जांच कर इन्फेक्सन होना बताया गया था। इसके बाद मृतिका को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक दिन पूर्व तक तबियत में सुधार होना बताया गया व मंगलवार 10 फरवरी को सुबह करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई। उन्होंने डॉक्टर द्वारा गुमराह किये जाने व लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस व जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्यवाही किये जाने की गुहार लगाई है। इनका कहना है मृतिका भटेरा निवासी सलोनी को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसे प्रसव होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। घर जाने के बाद उनकी तबियत बिगडऩे पर 4 फरवरी को भर्ती किया गया था। जिनका पूरी तरह ईलाज किया गया। परिजनों द्वारा जो आरोप लगाया जा रहा है वह निराधार है। डॉ. सुनील श्रीवास्तव, अस्पताल प्रबंधक भानेश साकुरे / 10 फरवरी 2026