क्षेत्रीय
10-Feb-2026


* उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को आर्थिक सहयोग हेतु जिला प्रशासन की पहल मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी के जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश के आलोक में जिले में संचालित इंटरमीडिएट परीक्षा के सभी 75 परीक्षा केंद्रों पर अध्ययनरत छात्रों एवं छात्राओं के बीच बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी वाले पंपलेट का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य इंटरमीडिएट परीक्षा के पश्चात छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने एवं पढ़ाई निरंतर जारी रखने हेतु आर्थिक सहयोग के प्रति जागरूक करना है, ताकि किसी भी छात्र या छात्रा की पढ़ाई केवल आर्थिक कारणों से बाधित न हो। पंपलेट वितरण के माध्यम से छात्रों को अवगत कराया गया कि बिहार सरकार द्वारा संचालित बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक छात्रों को 4 लाख रूपये तक का शिक्षा ऋण अत्यंत सरल प्रक्रिया एवं आसान किश्तों में उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना का लाभ उठाकर छात्र विभिन्न व्यावसायिक, तकनीकी एवं सामान्य उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों में नामांकन लेकर अपने भविष्य को सशक्त बना सकते हैं। जिला प्रशासन का यह प्रयास छात्रों को समय रहते योजना की जानकारी उपलब्ध कराना है, जिससे वे इंटरमीडिएट परीक्षा के उपरांत बिना किसी विलंब के आगे की पढ़ाई की योजना बना सकें और अपने उच्च शिक्षा के सपनों को साकार कर सकें। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि योजना के प्रति अधिक से अधिक छात्रों को जागरूक किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें आवेदन प्रक्रिया में भी सहयोग प्रदान किया जाए। जिला प्रशासन मधुबनी द्वारा शिक्षा को बढ़ावा देने एवं युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए यह कदम अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्तिक कुमार/संतोष झा- १० फरवरी/२०२६/ईएमएस