क्षेत्रीय
10-Feb-2026


भक्ति, संगीत और नारी शक्ति का दिव्य संगम, नोहलेश्वर महोत्सव बना ऐतिहासिक दमोह (ईएमएस)। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी के मार्गदर्शन एवं महोत्सव संयोजक सत्येंद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में आयोजित नोहलेश्वर महोत्सव 2026 का चतुर्थ दिवस भक्ति, संस्कृति और जनआस्था का भव्य उत्सव बनकर उभरा। नोहटा स्थित नोहलेश्वर धाम में आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। प्रसिद्ध भजन गायक बाली ठाकरे जी एवं रिजा खान द्वारा प्रस्तुत सुमधुर भजनों ने संपूर्ण मंदिर परिसर को शिवभक्ति, रामभक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। भजनों में भक्ति के साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का सुंदर संदेश देखने को मिला। इससे पूर्व स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भगवान श्री गणेश के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। बड़ी संख्या में दर्शकों ने कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए। राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा नोहलेश्वर महोत्सव हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और परंपराओं को जीवंत रखने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन न केवल धार्मिक चेतना को मजबूत करते हैं, बल्कि स्थानीय संस्कृति, पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा देते हैं। मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव जी के नेतृत्व में सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और जनभागीदारी को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। मुख्य अतिथि बरगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज सिंह ने कहा नोहलेश्वर महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान है। यह महोत्सव समाज को जोड़ने, नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का कार्य कर रहा है। आयोजकों ने इसे जन-जन का उत्सव बनाने में सराहनीय भूमिका निभाई है। अतिथियों ने किया महोत्सव परिसर का भ्रमण इस गरिमामयी अवसर पर बरगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे। राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी एवं विधायक नीरज सिंह ने महोत्सव परिसर का भ्रमण कर तीरंदाजी, मौत का कुआं सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजन स्टॉलों का अवलोकन कर उनका आनंद लिया। अतिथियों का आयोजन समिति द्वारा पारंपरिक स्वागत-सम्मान किया गया। महिला सम्मेलन में गूंजा नारी शक्ति का स्वर इसी क्रम में 10 फरवरी को नोहलेश्वर महोत्सव के अंतर्गत आयोजित भव्य महिला सम्मेलन में विधानसभा क्षेत्र से पधारी लाड़ली बहनों एवं मातृशक्ति की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। महोत्सव संयोजक सत्येंद्र सिंह ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए महिलाओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया। सम्मेलन में लाड़ली बहना योजना, स्वरोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनने का संकल्प दिलाया गया। महोत्सव संयोजक सत्येंद्र सिंह ने कहा समाजसेवा ही हमारा उद्देश्य है और मातृशक्ति समाज की वास्तविक रीढ़ है। महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन ही किसी भी सशक्त समाज की पहचान है। नोहलेश्वर महोत्सव के माध्यम से हम भक्ति, संस्कृति और नारी सशक्तिकरण को एक मंच पर लाने का प्रयास कर रहे हैं। श्रद्धा, उल्लास और प्रेरणा की अमिट छाप नोहलेश्वर महोत्सव 2026 भक्ति, संगीत, संस्कृति और नारी सशक्तिकरण का अनुपम संगम बनकर सामने आया, जिसने श्रद्धालुओं और सहभागियों के मन में आस्था, उल्लास और प्रेरणा की अमिट छाप छोड़ी। ईएमएस/ मोहने / 10 फरवरी 2026