कलेक्टर ने ली ग्रामीण विकास विभाग की मासिक समीक्षा बैठक छिंदवाड़ा (ईएमएस)। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने मंगलवार को ग्रामीण विकास विभाग की मासिक समीक्षा बैठक ली जिसमें उन्होंने सभी योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय-सीमा में पहुंचना चाहिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। बैठक में सांसद एवं विधायक निधि से स्वीकृत निर्माण कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित ग्रामीण विकास से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, जिला पंचायत की विभिन्न शाखाओं के परियोजना अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आवास प्लस 2024-25 के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों के आवास अधूरे हैं, उनकी नियमित मॉनिटरिंग कर कार्य में तेजी लाई जाए तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा का तत्काल समाधान किया जाए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत तामिया विकासखंड में चल रहे मुर्गी शेड निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष हितग्राहियों को तुरंत प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा लंबित सभी शेड निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आजीविका गतिविधियाँ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए इनमें गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों सुनिश्चित की जाए। ईएमएस/मोहने/ 10 फरवरी 2026