बालाघाट (ईएमएस). जिले के बिरसा तहसील के ग्राम कैंडाटोला की संगीता मरकाम और बालाघाट विकासखंड के ग्राम तिवड़ीकला की रेखा पंचभावे को पति की मौत के बाद भी अनुग्रह राशि नहीं मिल पाई है। दोनों ही पीडि़त महिलाओं ने मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर को समस्याओं से अवगत कराया। वहीं अनुग्रह राशि दिलाए जाने की मांग की। ग्राम कैंडाटोला निवासी संगीता मरकाम ने बताया कि उसके पति नोहर सिंह की 9 जनवरी 2024 को मृत्यु हो गई है। उसके परिवार का संबल योजना में पंजीयन है। उसके द्वारा ग्राम पंचायत कैंडाटोला में सभी दस्तावेजों के साथ संबल योजना की अनुग्रह राशि के लिए आवेदन जमा कर दिया गया है, लेकिन अब तक उसे अनुग्रह राशि नहीं मिली है। ऐसी ही शिकायत लेकर बालाघाट विकासखंड के ग्राम तिवड़ीकला की रेखा पंचभावे भी आयी थी। रेखा के पति देवेन्द्र की 10 जनवरी 2025 को मृत्यु हो गई है और उसका परिवार भी संबल योजना में पंजीकृत है। बावजूद इसके उसे भी अभी तक अनुग्रह राशि नहीं मिल पाई है। इस पर जिला श्रम पदाधिकारी को दोनों प्रकरणों की जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं। भानेश साकुरे / 10 फरवरी 2026