क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


* वैसे, सभी मापदंडों पर प्रदर्शन के आधार पर न्यूनतम प्रदर्शन वाले 3 महिला पर्यवेक्षक का 15 दिनों के मानदेय में कटौती का दिया निर्देश मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (सीडीपीओ) के साथ आईसीडीएस (समेकित बाल विकास सेवाएं) से संबंधित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक में पोषण ट्रैकर ऐप के माध्यम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग, डेटा प्रविष्टि की गुणवत्ता एवं सभी प्रमुख इंडिकेटर्स की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लाभार्थियों के शत-प्रतिशत सत्यापन, गृह भ्रमण एवं सामुदायिक गतिविधियों की नियमितता, बच्चों की वृद्धि निगरानी तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान जिले के प्रदर्शन में हो रही त्रुटि पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। साथ ही, सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं की इंडिकेटर आधारित रैंकिंग कर खराब प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध चयनमुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कार्यों में लापरवाही एवं लक्ष्य प्राप्ति में शिथिलता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना को मिशन मोड में संचालित कर 15 दिनों में जिला रैंकिंग में सुधार लाने का निर्देश दिया गया। जिले में सभी 3-6 वर्ष के बच्चों के आधार बनाए जाने हेतु आईसीडीइस एवं पोस्ट ऑफिस के सम्मिलित रूप से कैम्प लगाकर पूर्ण किए जाने का आदेश दिया गया। सभी मापदंडों पर प्रदर्शन के आधार पर न्यूनतम प्रदर्शन वाले 3 महिला पर्यवेक्षक का 15 दिनों का मानदेय कटौती का आदेश दिया गया है। कार्तिक कुमार/संतोष झा- १० फरवरी/२०२६/ईएमएस