* डीईसी और एल्बेंडाजोल दवा से फाइलेरिया उन्मूलन की दिशा में बड़ा कदम मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिले में फाइलेरिया उन्मूलन की दिशा में एक और सशक्त कदम बढ़ाते हुए सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को सदर अस्पताल परिसर से किया गया। इस अभियान के तहत शहरी क्षेत्र के 1 से 45 वार्डों तक पात्र लाभार्थियों को डीईसी एवं एल्बेंडाजोल की दवा सेवन कराई जाएगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले से फाइलेरिया जैसी गंभीर और स्थायी बीमारी का पूर्ण उन्मूलन करना है। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने इस अवसर पर कहा है कि हमारे जिले में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत आज 10 फरवरी से 27 फरवरी तक सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम वार्ड और मोहल्लों में जाकर डीईसी और एल्बेंडाजोल की दवा खिलाएगी।” उन्होंने कहा कि “यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूँ कि दवा अवश्य खाएं, और अपने परिवार व पड़ोसियों को भी दवा खाने के लिए प्रेरित करें।” - यह दवा गर्भवती महिलाओं, - दो वर्ष से छोटे बच्चों, - और गंभीर रूप से बीमार लोगों को नहीं खिलाई जानी है। “आइए, मिलकर संकल्प लें- फाइलेरिया मुक्त मधुबनी बनाएंगे। आपका एक कदम, जिले को रोगमुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।” * फाइलेरिया उन्मूलन की दिशा में बड़ा जन अभियान सिविल सर्जन डॉक्टर हरेंद्र कुमार ने बताया स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि इस अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर पात्र व्यक्तियों को दवा खिलाएंगे। इस दवा का सेवन फाइलेरिया संक्रमण को फैलने से रोकने में अत्यंत प्रभावी है। अभियान के दौरान जन सहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, ताकि जिले के हर नागरिक तक यह पहल पहुंच सके। दवा सेवन के माध्यम से माइक्रोफिलेरिया पर नियंत्रण प्राप्त किया जा सकेगा, जिससे भविष्य में बीमारी के प्रसार पर रोक लगेगी। * किन लोगों को दवा नहीं दी जाएगी जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ.डी एस सिंह यह स्पष्ट किया गया कि गर्भवती महिलाएं, दो वर्ष से कम आयु के बच्चे एवं गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्तियों को यह दवा नहीं खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम इन पात्रता मानदंडों का कड़ाई से पालन करेगी ताकि किसी को अनावश्यक दवा सेवन से असुविधा न हो। सिविल सर्जन की अपील- “दवा जरूर खाएं, फाइलेरिया भगाएं” सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने जिलेवासियों से अपील की कि वे दवा का सेवन अवश्य करें और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा — “फाइलेरिया एक ऐसी बीमारी है जो जीवनभर अपंगता का कारण बन सकती है। लेकिन इस अभियान के माध्यम से हम इसे जड़ से समाप्त कर सकते हैं। बस आवश्यकता है कि हर व्यक्ति इस दवा का सेवन ईमानदारी से करे।” * जनजागरण और सामुदायिक सहयोग पर जोर स्वास्थ्य विभाग, आंगनवाड़ी सेविका, नगर निगम एवं स्वयंसेवी संस्थाएं इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। पोस्टर-बैनर और माइक प्रचार के माध्यम से लोगों को फाइलेरिया और दवा सेवन के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्तिक कुमार/संतोष झा- १० फरवरी/२०२६/ईएमएस