क्षेत्रीय
10-Feb-2026


जांच करने पहुंची टीम तो फिर गायब मिला शिक्षक छिंदवाड़ा (ईएमएस)। आदिवासी अंचल में कई स्कूल भगवान भरोसे संचालित हो रहे हैं। इन स्कूलों में शिक्षकों के नदारद रहने के लगातार मामले सामने आ रहे हैं। गायब शिक्षकों को विभाग नोटिस जारी कर खानापूर्ति करने में लगा हुआ है। ऐसा ही मामला एक बार फिर जुन्नारदेव विकासखंड के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला बीजागोरा का सामने आया। जहां पर ग्रामीणों की शिकायत पर बीएसी और जनशिक्षक स्कूल की जांच करने पहुंची जहां निरीक्षण के दौरान शिक्षक मुकेश कुमार नागलकर बिना पूर्व सूचना के शाला से अनुपस्थित पाए गए। इतना ही नहीं इस स्कूल में बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता का स्तर भी काफी कम था। सूत्रों की माने तो उक्त शिक्षक को बिना सूचना के गायब रहने पर कई बार नोटिस जारी हो चुके हैं लेकिन अब तक अधिकारियों ने इस पर कार्रवाई नहीं की यही वजह थी कि उक्त शिक्षक में अब शिकायतों और जांच का डर खत्म हो गया है। ग्रामीणों की माने तो शिक्षक अक्सर ही स्कूल से नदारद रहता है। इनका कहना है ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर जनशिक्षकों के साथ बीजागोरा प्राथमिक शाला में जांच करने पहुंचे थे यहां पर शिक्षक मुकेश कुमार नागलकर अनुपस्थित पाए गए हैं। इस संबंध में पंचनामा बनाया गया है जिसके बाद आगे नियमानुसार कार्रवाई होगी। सोनिया सराठी, बीएसी जुन्नारदेव ईएमएस/मोहने/ 10 फरवरी 2026