रामाकोना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में फिर दहशत का माहौल छिंदवाड़ा (ईएमएस)। दक्षिण वन मंडल के सौंसर वन परिक्षेत्र के रामाकोना कन्हान क्षेत्र में हिंसक वन्य जीवों की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। इससे ग्रामीण इलाकों में और खासकर खेती किसानी वाले इलाकों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला सीतापार के कन्हान पिपला मार्ग स्थित सूर्या बुरिया क्षेत्र का है जहाँ बीती रात एक हिंसक वन्य जीव ने एक बछड़े को अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद से गांव में दहशत है और किसान खेत में जाने से डर रहे है। मिली जानकारी के अनुसार रामाकोना निवासी किसान गोपाल हिवरकर का बछड़ा सूर्या बुरिया स्थित उनके खेत में बंधा हुआ था। रात के अंधेरे में किसी वन्यजीव ने खेत में घुसकर बछड़े पर हमला कर दिया और उसे मार डाला। सुबह जब किसान खेत पहुँचा, तो घटना देख उसके होश उड़ गए। खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही वनरक्षक बंडू बागड़े ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार कर लिया है और किसान को पशु हानि का उचित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हमलावर वन्यप्राणी को लेकर संशय कन्हान वन परिक्षेत्र अधिकारी दीपक कुमार तिरपुडे ने बताया कि मौके पर मिले पगमार्कों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। अभी यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि शिकार बाघ ने किया है या तेंदुए ने। अधीनस्थ अमले को घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों की कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता दिनकर पातुरकर ने पगमार्कों का अवलोकन करने के बाद दावा किया कि यह शिकार बाघ द्वारा ही किया गया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह वन विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों से बेहद सतर्क रहने की अपील की है। वन विभाग के एसडीओ प्रमोद चौपडे ने ग्रामीण क्षेत्र से सतर्क रहने के साथ ही शाम ढलने के बाद खेतों की ओर अकेले न जाने,अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर बांधने आदि की अपील की है। ईएमएस/मोहने/ 10 फरवरी 2026