एक की मौत, तीन घायल, पांढ़र्णा हिवरा हाईवे मार्ग पर हादसा छिंदवाड़ा (ईएमएस)। पड़ोसी जिले पांढ़र्णा के हिवरा हाईवे मार्ग पर एक तेज रफ्तार सरिया से भरे ट्रक के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए महादेव मेले से लौट रहे युवकों की कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि पीछे बैठे तीन अन्य युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पांढ़र्णा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है । घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है । पुलिस ने चालक के खिलाफ अपराध पंजीबध क र मामला जांच में लिया है। घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि नागपुर निवासी अमित गौर, राजू तिजारे, यूनुस इस्माइल और राजेश नायडु एक कार में सवार होकर भूराभगत के महादेव मेला गए थे । यहां से वे मंगलवार की शाम अपनी कार से वापस लौट रहे थे इसी दौरान हिवरा हाईवे मार्ग पर सामने से आ रहे सरिया से भरे ट्रक के चालक ने लापारवाही पूर्वक चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी । हादसा इतना जबरदस्त था कि टकराने के बाद कार चार पलटियां खाते हुए सड़क पर पलट गई और उसमें सवार राजेश नायडु नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके तीन अन्य साथी अमित गौर, राजू तिजारे, यूनुस इस्माइल गम्भीर रूप से घायल हो गए । सभी घायलो को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है । पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है । ईएमएस/मोहने/ 10 फरवरी 2026