टी20 में दूसरी बार पाक ने किया ये प्रयोग कोलंबो (ईएमएस)। पाकिस्तान ने यहां टी20 विश्व कप 2026 मुकाबले में अमेरिका को 32 रनों से हरा दिया। इस मैच में हैरानी की बात ये है कि पाकिस्तान ने 20 में से 16 ओवर स्पिनरों को दिये जबकि वह अपनी तेज गेंदबाजी के लिए जानी जाती है। इस मैच में उसकी ओर से 80 फीसदी गेंदबाजी स्पिनरों ने की जबकि 20 फीसदी ही तेज गेंदबाजों को मिली। पहले लग रहा था कि कप्तान सलमान अली आगा कुछ ओवर तेज गेंदबाजों को देंगें पर उन्होंने केवल शाहीन शाह अफरीदी को ही गेंदबाज दी। 20 ओवर में शाहीन ने 4 ओवर किये। इसके अलावा बचे हुए सभी 16 ओवर स्पिनरों को दिये गये। स्पिनर सईम अयूब ने 1, अबरार अहमद ने 4, मोहम्मद नवाज ने 3, शादाब खान ने 4 और उस्मान तारिक ने 4 ओवर किये। टीम में तेज गेंदबाज फहीम अशरफ भी शामिल थे पर उन्हें गेंदबाजी नहीं दी गई। इस मैच में स्पिनरों ने अमेरिकी बल्लेबाजों पर अंकुश लगाये रखा। टी20 में यह दूसरा अवसर था जब पाक ने सबसे ज्यादा 16 ओवर स्पिनरों से कराये हैं। इसके पहले साल 2012 में कोलंबो में ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान ने 20 में से 18 ओवर स्पिनरों से करवाए थे। इसके अलावा 2012 में कोलंबो में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 15 ओवर, 2013 में किंग्सटन में वेस्टइंडीज के खिलाफ 15 ओवर, 2021 में मेनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ 15 ओवर और 2023 में हांग्झू में अफगानिस्तान के खिलाफ 15 ओवर पाकिस्तान के स्पिनरों ने किये थे। इस मैच में पाक ने 9 विकेट पर 190 रन बनाए थे जिसके जवाब में अमेरिकी टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 158 रन ही बना पायी थी। गिरजा/ईएमएस 11 फरवरी 2026