खेल
11-Feb-2026


डिकॉक और रिकल्टन ने लगाये अर्धशतक अहमदाबाद (ईएमएस)। क्विंटन डिकॉक और रयान रिकल्टन के अर्धशतकों से दक्षिण अफ्रीका ने यहां टी20 विश्वकप ग्रुप डी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 187 रन बनाए हैं। इस प्रकार अफगानिस्तान को जीत के लिए 188 रनों का लक्ष्य मिला है। इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान एडन मार्करम 8 गेंद पर 5 रन बनाकर शुरुआत में ही फजलहक फारुखी की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद डिकॉक और रिकल्टन ने जबरदस्त बल्लेबाजी कर पारी को संभाला। डिकॉक और रिकल्टन ने दूसरे विकेट के लिए 114 रन बनाये। इसके बाद अफगान टीम के कप्तान राशिद खान ने डिकॉक और रिकल्टन को एक ही ओवर में आउट कर दक्षिण अफ्रीका पर दबाव बना दिया।डिकॉक ने 41 गेंदों पर 3 छक्कों और 5 चौकों की सहायता से 59 रन बनाये जबकि रिकल्टन ने 28 गेंद पर 4 छक्कों और 5 चौकों की सहायता से 61 रन बनाये। डेवाल्ड ब्रेविस ने 23 रन बनाये। ट्रिस्टन स्टब्स केवल एक रन ही बना पाये।डेविड मिलर ने अंत में 15 गेंद पर 20 रन और मार्को जानसेन ने 7 गेंद पर 16 रन बनाकर पारी को 187 तक पहुंचाया।अफगानिस्तान की ओर से राशिद खान ने 28 रन देकर 2 विकेट जबकि फजलहक फारुखी ने 4 ओवर में 32 रन देकर 1 विकेट लिया। अजमतुल्ला ओमरजाई ने 41 रन देकर 3 खिलाड़ियों को आउट किया। गिरजा/ईएमएस 11 फरवरी 2026