खेल
11-Feb-2026


ढ़ाका (ईएमएस)। बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा है कि टी20 विश्वकप क्रिकेट टूर्नामेंट के बहिष्कार में सरकार की कोई भूमिका नहीं थी और ये फैसला पूरी तरह से क्रिेकेट बोर्ड (बीसीबी) ने लिया था। इससे पहले बीसीबी ने कहा था कि वह सुरक्षा कारणों से भारत में विश्वकप नहीं खेलेगा। जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिेकेट परिषद (आईसीसी) ने उसकी जगह पर स्काटलैंड को शामिल कर लिया। तब उस समय कहा जा रहा था कि टी20 विश्व कप में भाग नहीं लेने की बात सरकार ने कही थी और इसलिए बीसीबी ने नहीं खेलने का फैसला किया। वहीं अब खेल सलाहकार के अनुसार ये फैसला क्रिकेट बोर्ड और उनके खिलाड़ियों का था। उन्होंने राष्ट्र के सम्मान के लिए विश्व कप तक को छोड़ दिया। वहीं गत माह जनवरी में खिलाड़ियों से मिलने के बाद, नजरुल ने साफ कहा था कि बांग्लादेश के विश्व कप में भाग लेने का फैसला सरकार के रुख पर आधारित रहेगा। जनवरी में नजरुल ने मीडिया से कहा, “बैठक का मकसद बस खिलाड़ियों को यह समझाना था कि सरकार ने यह फैसला क्यों लिया। मुझे लगता है कि वे समझ गए थे। यही मकसद था और कुछ नहीं। मुझे लगता है कि हमें आईसीसी से न्याय नहीं मिला। हम विश्व कप में खेलेंगे या नहीं, यह पूरी तरह से सरकार का फैसला है।” वहीं अब नजरुल ने कहा, विश्व कप में नही खेलने पर कोई दुख नहीं है। यह फैसला बोर्ड और खिलाड़ियों ने लिया था, क्योंकि उन्होंने देश के क्रिकेट की सुरक्षा, लोगों की सुरक्षा और देश की इज्ज़त की रक्षा के लिए कुर्बानी दी थी। आईसीसी ने भी कहा है कि कोई प्रतिबंध नहीं लगेग और बांग्लादेश को आगे भी मेजबानी मिलेगी। ये हमारे बोर्ड के कड़े रुख की जीत है। गिरजा/ईएमएस 11 फरवरी 2026