क्षेत्रीय
11-Feb-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के गोवंडी के शिवाजी नगर में दिनदहाड़े बीच सड़क पर 19 साल की एक लड़की के गाल और गर्दन पर गंभीर गोली लगने के निशान मिले। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने उसके 23 साल के बॉयफ्रेंड के साथ-साथ एक 25 साल की युवती समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार पीड़िता शिफा शेख अपने माता-पिता और दो भाई-बहनों के साथ गोवंडी के कमला रमन नगर में रहती थी। उसके पिता कंस्ट्रक्शन सेक्टर में एक छोटे-मोटे कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर काम करते हैं। इलाके में ज्यादातर दिहाड़ी मजदूर और कारीगर रहते हैं। मंगलवार दोपहर 12 बजे के करीब, शिफा शेख चाय पीने के लिए अपने घर से बाहर निकली। बाद में वह थोड़ी दूरी पर गंभीर रूप से घायल मिली। स्थानीय लोगों ने उसे एक ऑटो रिक्शा में शताब्दी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मेडिकल जांच में उसके गाल और गर्दन पर गोली लगने के निशान मिले, जो पास से गोली चलाने का संकेत देते हैं। उसके सिर में एक गोली फंसी हुई मिली। बताया जा रहा है कि इस मामले की मुख्य आरोपी तबस्सुम नदीम नाम के एक युवक से प्यार करती थी। लेकिन तबस्सुम को शक था कि नदीम का शिफा के साथ भी अफेयर चल रहा है। अपने प्रेमी के किसी दूसरी लड़की से प्यार करने से नाराज तबस्सुम ने शिफा को मारने का फैसला किया। इस साजिश में कुछ लोगों ने भी तबस्सुम का साथ दिया। मौका पाकर तबस्सुम ने शिफा के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इस हत्या में इस्तेमाल की गई देसी रिवॉल्वर पुलिस ने जब्त कर ली है और चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। गिरफ्तार लोगों के नाम तबस्सुम (मुख्य आरोपी का प्रेमी), नदीम (जिस प्रेमी को लेकर बहस हुई थी), साजिद (तबस्सुम का भाई) और कलाम (साजिद का दोस्त) हैं। सूत्रों ने बताया कि नदीम के गैर-कानूनी ड्रग्स से कथित लिंक की भी जांच की जा रही है। संजय/संतोष झा- १० फरवरी/२०२६/ईएमएस