क्षेत्रीय
11-Feb-2026
...


- डेढ़ करोड़ के लेनदेन अटके, देवी मंदिर पहुंचकर मांगी रकम दिलाने की मनोकामना रायगढ़(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक कोसा साड़ी व्यापारी बकाया रकम की वसूली के लिए अनोखे तरीके से विरोध कर रहे हैं। कोतरा रोड क्षेत्र निवासी मनोज देवांगन अपने घर से दंडवत यात्रा निकालकर देवी मंदिर तक पहुंच रहे हैं और माता के दरबार में मत्था टेककर उधार दिए पैसों की वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। मनोज देवांगन ने बताया कि वे पिछले 10–12 वर्षों से कोसा साड़ियों का होलसेल व्यापार कर रहे हैं। उनके पास रायगढ़ सहित विभिन्न जगहों से व्यापारी नकद और उधार में साड़ियां लेकर व्यापार करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रायगढ़ के करीब छह व्यापारियों ने लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के उधार का भुगतान रोक दिया है और अब रकम लौटाने में आनाकानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई बार आग्रह करने के बावजूद भुगतान नहीं मिला। इस संबंध में वे थाने भी पहुंचे, लेकिन पुलिस ने इसे व्यापारिक विवाद बताकर आवेदन लेने या एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया। व्यापारी ने यह भी कहा कि करीब डेढ़ माह पहले उनके पिता को हार्ट अटैक आया था, उस समय इलाज के लिए भी उन्होंने संबंधित व्यापारियों से रकम मांगी, लेकिन उन्हें पैसे नहीं दिए गए। उनका कहना है कि उन्होंने बैंक से लोन लेकर व्यापार किया है, इसलिए बकाया रकम न मिलने से आर्थिक दबाव बढ़ गया है। मनोज देवांगन के अनुसार, वकील के माध्यम से कुछ व्यापारियों को कानूनी नोटिस भी भेजा गया, लेकिन कुछ लोगों ने नोटिस लेने से भी इंकार कर दिया। अब वे ट्रॉली के साथ अलग-अलग स्थानों पर दंडवत यात्रा करते हुए माता से बकाया राशि दिलाने की प्रार्थना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही अपने पिता के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन देंगे, ताकि बकाया लेनदेन की राशि वापस दिलाने में मदद मिल सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 फरवरी 2026