क्षेत्रीय
11-Feb-2026
...


जगदलपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से सटे आसना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में डीआरजी का जवान भरत भारती की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ। स्थानीय लोगों ने सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वाहन की पहचान हो सके। हादसे के कारणों की भी गहन जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि भरत भारती का चयन वर्ष 2022 में बस्तर फाइटर के रूप में हुआ था। इसके बाद उन्हें डीआरजी दस्ते में तैनात किया गया था। हादसे के बाद पुलिस विभाग और उनके साथी जवानों में गहरा शोक का माहौल है। पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर लिया है और जांच में तेजी लाई जा रही है। प्रशासन ने जवान के परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 फरवरी 2026