- पुलिस जांच में कई सवाल देवर के साथ रह रही थी महिला, बेटे के जन्मदिन पर मिली फांसी पर लटकी लाश सरगुजा(ईएमएस)। जिले में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा छेड़ दी है। मृतका फुलकुंवर चौधरी की मौत को लेकर परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, जबकि पति इसे आत्महत्या बता रहा है। फिलहाल पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, फुलकुंवर की शादी करीब 20 साल पहले हरिद्वार निवासी मणिकांत चौधरी से हुई थी। शादी के लगभग आठ साल बाद मणिकांत के छोटे भाई गिरधर चौधरी के साथ वह रहने लगीं। शुरुआती विरोध के बाद दोनों के दो बच्चे होने पर परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों अंबिकापुर में किराए के मकान में रह रहे थे। हाल ही में फुलकुंवर की मौत की सूचना उनके मायके पक्ष को मिली। परिजनों का आरोप है कि गिरधर अक्सर फुलकुंवर के साथ मारपीट करता था और उसी ने हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पति गिरधर चौधरी ने इन आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि घटना के दिन उनके बड़े बेटे का जन्मदिन था। बेटे के बिना नहाए बाहर जाने को लेकर घर में विवाद हुआ, जिसके बाद फुलकुंवर नाराज होकर घर से चली गईं। बाद में उनका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस का कहना है कि मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 फरवरी 2026