क्षेत्रीय
11-Feb-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। राजधानी के कुशालपुर इलाके में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। सरकारी स्कूल की शिक्षिका सुनीता साहू के घर से अज्ञात चोर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर कॉलोनी सेक्टर-01 मेन रोड स्थित मकान नंबर 200 (सर्वोदय स्कूल के पास) में रहने वाली सुनीता साहू ग्राम रसनी (आरंग) के सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि दूध के पैसे देने के बाद उन्होंने नकदी और जेवर से भरा बैग बेडरूम में पलंग पर रखा था। कुछ देर बाद बैग गायब मिला। बैग में करीब 3.45 लाख रुपये नकद, दो सोने की पुरानी अंगूठियां, दो सोने की चेन, एक चांदी की चेन, एसबीआई आरंग और बैंक ऑफ बड़ौदा की पासबुक, स्कूल के एचएम की सील, लॉकर की चाबी, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। बताया गया कि घटना के समय घर में उनका बेटा मौजूद था। दोपहर करीब 12:30 बजे बैग नहीं मिलने पर चोरी की जानकारी सामने आई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।